Tuesday, 13 October 2026 | 4:29 AM
भारत

चीनी की किल्लत: पांच दिन में 25% बढ़ गए दाम

Share:
चीनी की किल्लत: पांच दिन में 25% बढ़ गए दाम
Read in your preferred language.
त्योहारों के बीच बाजार में चीनी की किल्लत ने मिठास महंगी कर दी है। पांच अक्तूबर से मिलों से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण फुटकर बाजार में चीनी के दाम 48 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो पहुंच गए हैं। वहीं, पिछले दस दिनों में गुड़ और बूरा की कीमतों में भी 10 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है।


दोनों के दाम 60 से बढ़कर 70 से 80 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। नवरात्र से दिवाली तक मिठाइयों और पकवानों की मांग बढ़ने के बीच कीमतों में उछाल से लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। कटरा नाज, गंज बाजार, जीएमडी रोड और गांधी नगर समेत शहर के विभिन्न बाजारों में चीनी 60 रुपये प्रति किलो बिक रही है।  व्यापारियों के मुताबिक, थोक बाजार में चीनी 50 किलो की बोरी 2900 रुपये में मिल रही है। परिवहन, अन्य खर्च और मुनाफा जोड़ने के बाद फुटकर कीमत 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। पांच दिनों में चीनी के दाम 25 फीसदी तक बढ़े हैं। चीनी के साथ गुड़ और बूरा की कीमतों में भी तेजी आई है। व्यापारियों के मुताबिक, दस दिन पहले गुड़ और बूरा 60 रुपये प्रति किलो बिक रहे थे, जबकि अब बूरा 70 रुपये और गुड़ 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। त्योहारों में मिठाइयां और घरों में पकवान बनाने के लिए इनकी खपत बढ़ जाती है। ऐसे में कीमतें बढ़ने से ग्राहकों का खर्च भी बढ़ रहा है।