Thursday, 22 October 2026 | 1:28 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:राजेपुर के कढ़हार में वृद्धावस्था स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 112 बुजुर्गों का निःशुल्क होम्योपैथिक उपचार

फर्रुखाबाद के राजेपुर ब्लॉक स्थित कढ़हार में राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से वृद्धावस्था स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने 112 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रोगानुसार निःशुल्क होम्योपैथिक उपचार उपलब्ध कराया।
Share:
फर्रुखाबाद:राजेपुर के कढ़हार में वृद्धावस्था स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 112 बुजुर्गों का निःशुल्क होम्योपैथिक उपचार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जनपद के राजेपुर ब्लॉक की ग्राम सभा कढ़हार स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय कढ़हार में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को बुजुर्गों की स्वास्थ्य देखभाल के उद्देश्य से निःशुल्क वृद्धावस्था स्वास्थ्य शिविर एवं स्वास्थ्य और स्वच्छता जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।

शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कुल 112 वृद्धजनों का विधिवत स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान बुजुर्गों का वजन, रक्तचाप, ऑक्सीजन स्तर, श्वसन दर, हृदय गति सहित विभिन्न स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई। जांच के बाद रोग के अनुसार मरीजों को निःशुल्क होम्योपैथिक उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह उपलब्ध कराई गई।

स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अधिकांश वृद्धजनों में एलर्जी, अनिद्रा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, पेट संबंधी रोग, जोड़ों में दर्द तथा सांस/दमा जैसी स्वास्थ्य समस्याएं सामने आईं।

स्वास्थ्य शिविर के बाद स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें चिकित्साधिकारी ने ग्रामवासियों, मरीजों एवं उनके परिजनों को व्यक्तिगत तथा पर्यावरणीय स्वच्छता के समुदाय के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले महत्वपूर्ण प्रभाव के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, मौसम के अनुसार संतुलित खानपान करने, नियमित रूप से हल्का योग एवं व्यायाम करने तथा पर्याप्त और अच्छी नींद लेने की सलाह दी। साथ ही बुजुर्गों को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लेने के लिए जागरूक किया गया।