फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 30 सितंबर 2026 विश्व रेबीज़ सप्ताह के अवसर पर “Stronger Together Against Rabies — साथ मिलकर रेबीज़ रोकें” अभियान के अंतर्गत भारतीय इंटर कॉलेज, फर्रुखाबाद में रेबीज़ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सिविल अस्पताल लिजीगंज, फर्रुखाबाद से डॉ. नवनीत गुप्ता एवं श्री सफीक खान ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों को रेबीज़ संक्रमण, इसके कारण, बचाव के उपाय तथा कुत्ते या अन्य संक्रमित पशु के काटने अथवा खरोंचने के बाद अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
डॉ. नवनीत गुप्ता ने बताया कि रेबीज़ एक गंभीर लेकिन रोकथाम योग्य बीमारी है। पशु के काटने या खरोंचने की स्थिति में घाव को तत्काल साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए। इसके बाद बिना देरी किए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह, आवश्यक टीकाकरण और उपचार कराना चाहिए।
उन्होंने समय पर टीकाकरण एवं उचित चिकित्सा उपचार के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को जागरूक किया कि पशु के काटने के बाद लापरवाही न बरतें। विद्यार्थियों को आवारा अथवा पालतू पशुओं के साथ अनावश्यक छेड़छाड़ से बचने तथा किसी पशु के असामान्य व्यवहार की सूचना संबंधित विभाग को देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रेबीज़ से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका चिकित्सकीय टीम ने समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से रेबीज़ के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पशु के काटने की स्थिति में समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना तथा मानव और पशु दोनों की सुरक्षा के प्रति सामुदायिक जिम्मेदारी विकसित करना रहा।
संदेश:
“जागरूक रहें • समय पर उपचार लें • रेबीज़ से बचाव करें”
Stronger Together — Together Against Rabies