फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 30 सितंबर 2026 जनपद फर्रुखाबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय धन्सुआ (बढ़पुर) में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के दौरान सांसद मुकेश राजपूत ने विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित मिड-डे मील व्यवस्था की गुणवत्ता को स्वयं परखने के लिए बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया।
भोजन ग्रहण करने से पहले सांसद मुकेश राजपूत, खंड शिक्षा अधिकारी बढ़पुर और विद्यालय के बच्चों ने एक साथ हाथ जोड़कर प्रार्थना की। इसके बाद सांसद ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। सांसद और अधिकारियों को अपने बीच पाकर तथा उनके साथ बैठकर भोजन करते देख बच्चे भी उत्साहित नजर आए।
सांसद ने विद्यालय में उपलब्ध कराए जा रहे मिड-डे मील की गुणवत्ता का निरीक्षण करते हुए विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि बच्चों को ताजा, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता के साथ-साथ विद्यालय परिसर में स्वच्छता और बच्चों के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सांसद के बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने से विद्यालय के विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने का संदेश दिया गया।