क्वार्टर फाइनल में लखनऊ और सेमीफाइनल में कानपुर को हराया, अब मेरठ से खिताबी मुकाबला
मुरादाबाद। प्रदेशीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की बालिका टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पहुंच गई है। टीम ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर अपनी प्रतिभा और दमदार खेल का परिचय दिया। वाराणसी मंडल ने क्वार्टर फाइनल में लखनऊ को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जबकि सेमीफाइनल में कानपुर को आठ विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में प्रिया पटेल ने 47 रनों की शानदार पारी खेली, वहीं गेंदबाजी में शिवांगी मौर्य ने तीन विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद सेमीफाइनल में वाराणसी मंडल की टीम ने कानपुर को आठ विकेट से शिकस्त दी। इस मुकाबले में प्रियंका चौरसिया ने तीन विकेट झटके, जबकि प्रिया पटेल ने नाबाद 34 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वाराणसी मंडल की टीम पिछले वर्ष भी प्रतियोगिता की विजेता रही थी। इस बार भी टीम का प्रदर्शन शानदार बना हुआ है और लगातार जीत के साथ उसने खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है।
टीम के कोच अजय पांडेय ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि पूरी टीम बेहतरीन खेल दिखा रही है। खिलाड़ियों के बीच अच्छा तालमेल, अनुशासन और जीत का जज्बा टीम की सफलता का प्रमुख आधार है।
टीम की खिलाड़ी
वाराणसी मंडल की टीम की कप्तान प्रियंका चौरसिया और उपकप्तान प्रिया पटेल हैं। टीम में विकेटकीपर गौरी सिंह के साथ आराध्या पांडेय, रिमझिम, तनिष्का, शिवांगी मौर्य, शिब्बू यादव, सुधा पाल, आनंदी साहनी और नंदनी मौर्य भी शामिल हैं।
कल मेरठ से होगा फाइनल मुकाबला
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 18 अक्टूबर को मुरादाबाद के परिक्र इंटर कॉलेज में मेरठ मंडल और वाराणसी मंडल के बीच खेला जाएगा। अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं। वाराणसी मंडल की टीम लगातार दूसरी बार विजेता बनने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
वाराणसी मंडल की बालिकाओं के शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में उत्साह है और सभी को उम्मीद है कि टीम फाइनल में भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रखेगी।