Monday, 02 November 2026 | 2:55 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में आमजन को विधिक अधिकारों और जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

फर्रुखाबाद के ऑफिसर क्लब फतेहगढ़ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजन को विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण किया गया तथा छात्र-छात्राओं ने भाषण, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
Share:
फर्रुखाबाद:मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में आमजन को विधिक अधिकारों और जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 01 नवंबर 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद के तत्वावधान में जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री नीरज कुमार के मुख्य आतिथ्य में ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना तथा सुलभ, सुगम एवं त्वरित न्याय व्यवस्था की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश श्री नीरज कुमार एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक जागरूकता से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से स्टॉलों पर उपलब्ध सुविधाओं, योजनाओं की पात्रता एवं लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी प्राप्त की।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर मौके पर ही विभिन्न योजनाओं में पंजीकरण की कार्यवाही भी की गई, जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस दौरान जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों तथा उपलब्ध कानूनी सहायता व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/सिविल जज सीनियर डिवीजन बिन्दिया भटनागर ने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल आमजन को विधिक अधिकारों की जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाकर न्याय की प्रक्रिया को सुलभ एवं सुगम बनाना भी है। उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों, विधिक नियमों एवं कानून के पालन के महत्व पर आधारित प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में विधिक जागरूकता फैलाने, संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने तथा नागरिकों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जागरूक नागरिक ही सशक्त समाज और मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला होता है। संविधान नागरिकों को अधिकार प्रदान करता है, वहीं राष्ट्र एवं समाज के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों को जनपद न्यायाधीश सहित अन्य न्यायाधीशगण द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विधिक अधिकारों की जानकारी, निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी मार्गदर्शन तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर अपर जिला जज/नोडल अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्री दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक श्री गिरीश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्री श्याम कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी सदर श्री अभय वर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री सुभाष राजपूत सहित अन्य न्यायाधीशगण, न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, विधि विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

598666