स्नातक और शिक्षक निर्वाचन में मतदाता संपर्क अभियान पर जोर, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की बनी रणनीति
कासगंज। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव-2026 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार, 21 अक्टूबर को अमांपुर में आयोजित बैठक में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में मतदाता संपर्क अभियान, प्रचार-प्रसार और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई। साथ ही चुनावी जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
बैठक में सांसद देवेश शाक्य, विनय कुशवाहा, डॉ. त्रिमल सिंह यादव, अमित यादव, जिला पंचायत वार्ड नंबर 14 के प्रत्याशी आकाश, पूर्व जिला अध्यक्ष चन्दपाल शाक्य, संभावित उम्मीदवार विक्रम यादव तथा अमांपुर विधानसभा क्षेत्र के अनुज सोलंकी सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नेताओं ने स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन में मतदाताओं तक पहुंच बनाने और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर दिया। इस दौरान प्रचार सामग्री और पर्चे भी वितरित किए गए। पदाधिकारियों को मतदाताओं से संपर्क करने, उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करने तथा मतदान के दिन मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय करने और चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों का समन्वय बनाकर निर्वहन करने पर जोर दिया गया। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच पहुंचकर समाजवादी पार्टी के पक्ष में समर्थन की अपील करने का आह्वान किया।