Saturday, 31 October 2026 | 4:34 AM
उत्तर प्रदेश

कासगंज :-नवरात्रि और त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने किया पैदल गश्त

बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों का लिया जायजा, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता जांची
Share:
कासगंज :-नवरात्रि और त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने किया पैदल गश्त

गंजडुंडवारा (कासगंज)। आगामी त्योहारों और नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कासगंज पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने शनिवार को गंजडुंडवारा में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार भी मौजूद रहे।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता जांची और धार्मिक आयोजनों से जुड़े लोगों से वार्ता कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को त्योहारों के दौरान सतर्क निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।

कासगंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि त्योहारों को आपसी प्रेम, शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।