*मुख्य मार्ग पर बसें रोककर सवारियां उतारने-बैठाने पर जताई नाराजगी, एआरएम को कारण बताओ नोटिस और भविष्य के लिए चेतावनी दी कि इस प्रकार की समस्या दोबारा संज्ञान में आने पर कार्रवाई की जाएगी*
*बसों के निर्धारित स्थान पर खड़े होने एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के दिए कड़े निर्देश।*
कासगंज, 19 सितंबर 2026 (सू0वि0)। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड का औचक निरीक्षण कर बस संचालन एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एटा डिपो की बसें मुख्य मार्ग पर खड़ी कर सवारियां उतारते एवं बैठाते हुए पाई गईं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए एआरएम को संबंधित के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्य मार्ग पर बसों को रोककर सवारियां उतारने एवं बैठाने से राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि बसों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा कर सवारियों को उतारने एवं बैठाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने एआरएम को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि बस चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा मुख्य मार्ग पर मनमाने ढंग से बसें न रोकने के लिए स्पष्ट रूप से निर्देशित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा सामने नहीं आनी चाहिए। यदि ऐसी स्थिति पुनः पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निरंतर निगरानी रखने तथा बसों का संचालन निर्धारित स्थान से ही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।