Saturday, 31 October 2026 | 4:34 AM
उत्तर प्रदेश

कासगंज:-सेवा संकल्प अभियान के तहत मेला ग्राउंड में चला वृहद स्वच्छता अभियान

Share:
कासगंज:-सेवा संकल्प अभियान के तहत मेला ग्राउंड में चला वृहद स्वच्छता अभियान

सेवा संकल्प अभियान के तहत मेला ग्राउंड में चला वृहद स्वच्छता अभियान

डीएम और जनप्रतिनिधियों ने खुद संभाली झाड़ू, लोगों से की स्वच्छता बनाए रखने की अपील

कासगंज। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को सोरों के मेला ग्राउंड में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष सोरों रामेश्वर दयाल और जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने आमजन से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

स्वच्छता अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने मेला ग्राउंड परिसर में साफ-सफाई कर लोगों को जागरूक किया। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। स्वच्छता को किसी एक अभियान तक सीमित न रखकर नियमित जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।

सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत और भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने भी अभियान में सहभागिता करते हुए नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सोरों रामेश्वर दयाल, परियोजना निदेशक, उपजिलाधिकारी सहावर, तहसीलदार कासगंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।