Friday, 30 October 2026 | 5:48 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:कादरीगेट पुलिस ने 657 किलो अवैध आतिशबाजी के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

फतेहगढ़ में कादरीगेट पुलिस ने रात्रि गश्त और चेकिंग के दौरान महिन्द्रा बोलेरो मैक्स पिकअप से 21 कार्टून अवैध आतिशबाजी बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद आतिशबाजी का कुल वजन 657 किलोग्राम बताया गया है।
Share:
फर्रुखाबाद:कादरीगेट पुलिस ने 657 किलो अवैध आतिशबाजी के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 16 अक्टूबर 2026 अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कादरीगेट पुलिस ने रात्रि गश्त एवं चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 657 किलोग्राम अवैध आतिशबाजी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 कार्टून आतिशबाजी तथा एक महिन्द्रा बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज कानपुर श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अक्टूबर 2026 की रात थाना कादरीगेट पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की महिन्द्रा बोलेरो मैक्स पिकअप संख्या UP 31 CT 8826 को चेक किया। वाहन से 21 कार्टून अवैध आतिशबाजी बरामद हुई, जिसका कुल वजन 657 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि पुत्र प्रेमचन्द्र और दीपक गुप्ता पुत्र कमलेश गुप्ता, दोनों निवासी जंगबहादुरगंज, थाना पसगवां, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर मु0अ0सं0 249/2026, धारा 9(ख)(1)(बी) विस्फोटक अधिनियम-1884 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में अपनी सफाई अपने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में देने की बात कही।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास दर्ज है। रवि के विरुद्ध मु0अ0सं0 248/26 तथा दीपक गुप्ता के विरुद्ध भी मु0अ0सं0 248/26, धारा 9(ख)(1)(बी) विस्फोटक अधिनियम-1884, थाना कादरीगेट, जनपद फतेहगढ़ का मामला दर्ज बताया गया है।

बरामदगी:

21 कार्टून अवैध आतिशबाजी

कुल वजन 657 किलोग्राम

महिन्द्रा बोलेरो मैक्स पिकअप संख्या UP 31 CT 8826

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:

निरीक्षक हरिकेश कुमार, कांस्टेबल डोरीलाल, कांस्टेबल रावेन्द्र एवं कांस्टेबल हिमांशु शामिल रहे।

पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।