Tuesday, 13 October 2026 | 4:30 AM
भारत

गया: जेठियन में फुटबॉल मैच का फाइनल मुकाबला सम्पन्न

Share:
गया: जेठियन में फुटबॉल मैच का फाइनल मुकाबला सम्पन्न
Read in your preferred language.
बिहारशरीफ की टीम ने राजगीर अनुमंडल को 3-1 से हराया

गया जी से द दस्तक 24 के लिए मृत्युंजय दयाल

मोहड़ा प्रखंड के जेठियन गांव स्थित खेल मैदान में सोमवार को मगध स्पोर्ट्स क्लब जेठियन की ओर से आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बिहारशरीफ और राजगीर अनुमंडल की टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में बिहारशरीफ की टीम ने राजगीर अनुमंडल की टीम को 3-1 से हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। इसकी जानकारी देते हुए फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन कर्ता बंटी सिंह ने बताया कि फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में जहानाबाद सांसद सुरेंद्र यादव, जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी और पूर्व विधायक अजय यादव उर्फ रंजीत यादव मौजूद रहे। मैच के पहले हाफ तक दोनों टीमें एक-एक गोल कर बराबरी पर रहीं। इसके बाद बिहारशरीफ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो और गोल दागे। इस तरह बिहारशरीफ की टीम ने 3-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच समाप्त होने के बाद सांसद सुरेंद्र यादव ने विजेता टीम के कप्तान को ट्रॉफी और 11 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया। वहीं पूर्व विधायक अजय यादव उर्फ रंजीत यादव ने उपविजेता टीम के कप्तान को ट्रॉफी और 5100 रुपये देकर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर सांसद सुरेंद्र यादव ने कहा कि गांव स्तर पर इस तरह के खेल का आयोजन होना बेहद जरूरी है। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और आपसी भाईचारा बढ़ता है।
पूर्व विधायक अजय यादव ने कहा कि खेल प्रेम और सद्भाव का प्रतीक है। खेल में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन प्रेम और खेल भावना के साथ खेलने का आनंद ही अलग होता है। जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि दोनों टीमों ने अच्छा खेल दिखाया है और ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजनों को बढ़ावा मिलना चाहिए। टूर्नामेंट के आयोजक बंटी सिंह के साथ क्लब के सदस्य अमन कुमार, शशिकांत कुमार, सौरभ कुमार, लव सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।