फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 11 अक्टूबर 2026 जनपद में नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों को सुरक्षा कवच प्रदान करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरी क्षेत्रों में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। 10 अक्टूबर को आयोजित संयुक्त फील्ड विजिट एवं विशेष टीकाकरण सत्र के दौरान समन्वित प्रयासों से 17 जीरो डोज एवं टीकाकरण से वंचित बच्चों को टीकाकरण सेवाओं से जोड़ने में सफलता मिली।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित अभियान में डॉ. सर्वेश यादव, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, डॉ. आरसी माथुर, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डीसी हिना खान, आईओ अक्षय, बीआरटी, गावी-सीएसओ टीम तथा स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों ने सहभागिता की।
टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर टीकाकरण से छूटे बच्चों की पहचान की और उनके परिवारों से संपर्क कर नियमित टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी। अभियान के दौरान परिवारों को बच्चों को आवश्यक टीके समय से लगवाने तथा टीकाकरण की निरंतरता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान की सफलता में बीसी अरफात, हसीन, संजीव और कविता की सक्रिय भूमिका रही। स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग की टीम को परिवारों तक पहुंच बनाने में मदद मिली। सामुदायिक स्तर पर किए गए इन प्रयासों के परिणामस्वरूप 17 जीरो डोज एवं टीकाकरण से वंचित बच्चों को टीकाकरण सेवाओं से जोड़ा जा सका।
स्वास्थ्य विभाग का जोर केवल टीकाकरण सत्र आयोजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे बच्चों और परिवारों तक पहुंच बनाने पर भी है, जो किसी कारणवश नियमित टीकाकरण से छूट जाते हैं। इसके लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, क्षेत्रीय टीमों और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जीरो डोज बच्चों को चिह्नित कर उन्हें नियमित टीकाकरण से जोड़ने तथा आगे भी उनके टीकाकरण की निगरानी करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा आवश्यक टीकों से वंचित न रहे और बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण का सुरक्षा कवच मजबूत हो।