फर्रुखाबाद(द दस्तक 24): 12 अक्टूबर 2026 बीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित विशेष रोजगार सृजन दिवस के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद में व्यापक स्तर पर रोजगार सृजन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शासन द्वारा निर्धारित 29,000 मानव दिवस के लक्ष्य को जनपद ने पूर्ण कर लिया।
अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना तथा अधिकाधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराना रहा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शासन स्तर से जनपद में दो वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया था।
परियोजना निदेशक/उपायुक्त श्रम रोजगार को विकासखंड कमालगंज एवं शमशाबाद, जबकि जिला विकास अधिकारी/उपायुक्त स्वतः रोजगार को विकासखंड मोहम्मदाबाद, नवाबगंज, राजेपुर एवं कायमगंज का नोडल अधिकारी बनाया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत परियोजना निदेशक/उपायुक्त श्रम रोजगार ने विकासखंड कमालगंज की ग्राम पंचायत कुंदन गणेशपुर, सितौली, ताजपुर एवं अहिमलापुर पहुंचकर विशेष रोजगार सृजन अभियान की गतिविधियों में प्रतिभाग किया। उन्होंने संचालित कार्यों का जायजा लेते हुए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की।
इसी क्रम में जिला विकास अधिकारी/उपायुक्त स्वतः रोजगार ने विकासखंड राजेपुर की ग्राम पंचायत डाबरी, बिलालपुर, त्रिकुटा, गांधी, उजरामऊ एवं नया गांव में पहुंचकर अभियान में प्रतिभाग किया और रोजगार सृजन से संबंधित गतिविधियों की निगरानी की।
जनपद स्तर पर जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित मानव दिवस के लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संपूर्ण कार्यक्रम का पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण किया गया।
अधिकारियों के समन्वित प्रयासों, विकासखंड स्तर पर प्रभावी निगरानी तथा ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान के क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप फर्रुखाबाद ने 29,000 मानव दिवस का निर्धारित लक्ष्य पूर्ण किया।
विशेष रोजगार सृजन अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को गति मिली और श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता भी सामने आई।