Thursday, 29 October 2026 | 4:30 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध कच्ची शराब व 200 किलो लहन बरामद

फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान चलाकर कायमगंज क्षेत्र के अताईपुर कोहना और ममापुर में कार्रवाई की। 11 टेट्रा पैक देशी शराब, 14 लीटर अवैध कच्ची शराब और 200 किलोग्राम लहन बरामद कर तीन अभियोग दर्ज किए गए।
Share:
फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध कच्ची शराब व 200 किलो लहन बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को कायमगंज क्षेत्र में कार्रवाई की गई।

आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने मय स्टाफ ग्राम अताईपुर कोहना में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान निर्मला देवी पत्नी उमाशंकर को देशी शराब के 11 टेट्रा पैक के साथ गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा संदिग्ध ग्राम ममापुर में कई स्थानों पर दबिश दी गई। इस दौरान 14 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 200 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में तीन अभियोग पंजीकृत किए गए।

प्रवर्तन अभियान के साथ आबकारी विभाग की टीम ने देशी शराब की दुकानों का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। गदनपुर चैन तिराहा, रोशनाबाद, बरझाला, धमगवां और फैजबाग स्थित दुकानों तथा रोशनाबाद, बरझाला और फैजबाग की कंपोजिट दुकानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से होने वाली बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। देशी शराब की दुकानों की कैंटीनों का भी सघन निरीक्षण किया गया।

आबकारी विभाग की टीम ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान किया और संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।

आबकारी विभाग ने कहा कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

565087