Friday, 30 October 2026 | 5:48 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:अष्टमी पर्व पर डीएम और एसपी ने शीतला देवी व गुरुगांव देवी मंदिर का किया निरीक्षण

फर्रुखाबाद अष्टमी पर्व पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शीतला देवी एवं गुरुगांव देवी मंदिर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुचारु दर्शन व्यवस्था का जायजा लिया।
Share:
फर्रुखाबाद:अष्टमी पर्व पर डीएम और एसपी ने शीतला देवी व गुरुगांव देवी मंदिर का किया निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) शारदीय नवरात्रि के अष्टमी पर्व पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने रविवार रात करीब 9 बजे बढ़पुर स्थित शीतला देवी मंदिर तथा फर्रुखाबाद स्थित गुरुगांव देवी मंदिर का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि अष्टमी पर्व पर दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने मंदिर प्रशासन एवं जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में दर्शन कराया जा सके। उन्होंने भीड़ को व्यवस्थित रखने और आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सहायता और किसी भी संभावित अव्यवस्था से तत्काल निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को तत्पर रहने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने माँ जगत जननी के मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती की। उन्होंने माँ भगवती से जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, कल्याण और जनपद के निरंतर विकास की कामना की।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री गिरीश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर श्री संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर श्री अभय वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

481135