Thursday, 29 October 2026 | 4:30 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, 100 विज्ञान मॉडलों ने दिखाई विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा

फर्रुखाबाद में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। करीब 100 विज्ञान मॉडलों में AI, रोबोटिक्स, सेंसर, ब्लॉकचेन और स्मार्ट रेलवे स्टेशन जैसे नवाचार आकर्षण का केंद्र रहे।
Share:
फर्रुखाबाद में जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, 100 विज्ञान मॉडलों ने दिखाई विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 28 अक्टूबर 2026 विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब फर्रुखाबाद द्वारा पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने किया।

जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और वैज्ञानिक अवधारणाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उनके प्रयासों की सराहना की।

डॉ. अंकुर लाठर ने विद्यार्थियों को नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और जिज्ञासु प्रवृत्ति विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में निरंतर नए प्रयोगों और नवाचार की आवश्यकता है। विद्यार्थियों को अपने आसपास होने वाली घटनाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने का प्रयास करना चाहिए। वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तार्किक क्षमता के माध्यम से समाज की विभिन्न समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजे जा सकते हैं।

प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा करीब 100 विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 से 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रदर्शनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, सेंसर टेक्नोलॉजी, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी और स्मार्ट रेलवे स्टेशन जैसे आधुनिक एवं जनोपयोगी विषयों पर आधारित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से तकनीकी विकास, कृषि सुधार, परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के अभिनव विचार प्रस्तुत किए।

मॉडलों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा उपयोगिता, नवीनता, वैज्ञानिक अवधारणा एवं प्रस्तुतिकरण के आधार पर किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. कल्पना सिंह, डॉ. सुदेश शर्मा, सौरभ कुमार पांडेय तथा निर्मला सिंह शामिल रहीं।

प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र आशु सिंह ने Advanced Radar Vision Intelligence System (ARVS) मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री जीजीआईसी, फतेहगढ़ की छात्रा छवि बैस ने ब्लॉकचेन एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित मॉडल के माध्यम से द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा रिषिता गुप्ता ने स्मार्ट रेलवे स्टेशन मॉडल के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसके अतिरिक्त सेंट पॉल ब्राइटन एकेडमी के छात्र ऋषभ राजपूत तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, रोशनाबाद के छात्र अनिकेत को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।

प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी को ₹5,000, द्वितीय को ₹3,000, तृतीय को ₹2,000 तथा दोनों सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को ₹1,000-₹1,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। चयनित प्रतिभागी आगामी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद फर्रुखाबाद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जिला विज्ञान क्लब की जिला समन्वयक एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार और तकनीकी कौशल का विकास करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को उचित मंच मिलने से वे अपने विचारों को व्यावहारिक एवं समाजोपयोगी आविष्कारों में बदल सकते हैं।

कार्यक्रम का संचालन सरिता त्रिवेदी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया। विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, तकनीकी समझ और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया।

565135