फर्रुखाबाद(द दस्तक 24): 12 अक्टूबर 2026 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं चक्रवात से प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान राशि के डीबीटी अंतरण कार्यक्रम का सोमवार को गोरखपुर से सजीव प्रसारण फर्रुखाबाद के कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि तथा निषाद राज पार्टी के अध्यक्ष अनिल निषाद मौजूद रहे।
सजीव प्रसारण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आपदा प्रभावित किसानों एवं परिवारों को कृषि निवेश अनुदान और राहत सहायता राशि वितरित की गई। तहसील सदर के 09, अमृतपुर के 32 तथा कायमगंज के 14 सहित कुल 55 आपदा पीड़ित लाभार्थियों को सहायता राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मत्स्य विभाग की ओर से 05 लाभार्थियों को एरिएशन सिस्टम एवं बोट तथा उद्यान विभाग की ओर से 10 लाभार्थियों को सब्जियों के बीज का निःशुल्क वितरण किया गया।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि जनपद लगभग दो माह तक बाढ़ से प्रभावित रहा। अमृतपुर तहसील सबसे अधिक प्रभावित रही, इसके बाद कायमगंज एवं सदर क्षेत्र प्रभावित हुए। बाढ़ और कटान के कारण मकानों तथा फसलों को भी नुकसान हुआ।
जिलाधिकारी के अनुसार बाढ़ से प्रभावित 22,627 किसानों को लगभग 11.50 करोड़ रुपये की राहत धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें अमृतपुर के 14,708, फर्रुखाबाद के 902 और कायमगंज के 7,015 किसान शामिल हैं। अब तक 11,399 किसानों को 5.50 करोड़ रुपये का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जा चुका है।
अतिवृष्टि से प्रभावित 317 किसानों की 105 हेक्टेयर फसल के लिए अब तक 204 किसानों को 10.55 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। वहीं अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों के 405 मामलों में 28 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत है, जिसमें 275 पीड़ितों को 14.12 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
आपदा के दौरान कायमगंज तहसील में हुई एक जनहानि के मामले में शासन के निर्देशानुसार 4 लाख रुपये की सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा बाढ़ के पानी के वेग से हुए कटान के कारण सदर एवं कायमगंज तहसील के प्रभावित लोगों को 1.30 लाख रुपये की राहत सहायता दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की कठिन घड़ी में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन का सहयोग किया। राहत सामग्री एवं सहायता राशि को प्रभावित लोगों तक पहुंचाने में सहयोग के लिए उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया बंधुओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, समस्त तहसीलदार, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य सुप्रिया, आपदा प्रबंधन आयुष्मान परिहार सहित संबंधित अधिकारी एवं लाभार्थी मौजूद रहे।