फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान में लापरवाही बरतने वाले बूथ लेबिल अधिकारियों (बीएलओ) पर अब कार्रवाई की जाएगी। फार्म-6 की कम एवं शून्य प्राप्ति वाले बूथों पर अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देशित किया है कि 17 से 22 नवंबर 2026 तक प्राप्त फार्म-6 की समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन बूथों पर 0 से 9 तक फार्म-6 प्राप्त हुए हैं, वहां संबंधित बीएलओ को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए और नोटिस की तामील भी सुनिश्चित कराई जाए।
नोटिस में बूथ संख्या और प्राप्त फार्म-6 की कुल संख्या स्पष्ट रूप से अंकित की जाएगी। साथ ही संबंधित बीएलओ से यह स्पष्टीकरण मांगा जाएगा कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए उनके द्वारा क्या प्रयास किए गए तथा फार्म-6 की कम अथवा शून्य प्राप्ति के क्या कारण रहे। इसके लिए अभिलेखीय साक्ष्यों सहित लिखित जवाब प्रस्तुत करना होगा।
शून्य फार्म वाले बूथों पर वेतन रोकने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए हैं कि जिन बूथों पर एक भी फार्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है, वहां संबंधित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ-साथ नियमानुसार वेतन भुगतान रोकने की कार्रवाई का प्रस्ताव भी भेजा जाए। इसके लिए बुधवार की अभिलेखीय रिपोर्ट एवं नोटिस की प्रति संलग्न करते हुए संबंधित बीएलओ के मूल विभाग के सक्षम प्राधिकारी को तत्काल प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
24 नवंबर तक अनुपालन रिपोर्ट देना अनिवार्य
जिलाधिकारी ने सभी ईआरओ को निर्देशित किया है कि 24 नवंबर 2026 को कार्यालय समय समाप्त होने तक हस्ताक्षरित अनुपालन रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। रिपोर्ट में बूथ संख्या, संबंधित बीएलओ का नाम, मूल विभाग, प्राप्त फार्म-6 की कुल संख्या, नोटिस का पत्रांक और उसकी तामील की स्थिति स्पष्ट रूप से दर्ज होनी चाहिए।
वहीं, जिन बूथों पर फार्म-6 की प्राप्ति शून्य रही है, उनके संबंध में मूल विभाग को भेजे गए कार्रवाई के प्रस्ताव का पत्रांक एवं उसकी प्राप्ति का विवरण भी रिपोर्ट में शामिल करना होगा।
लापरवाही पर ईआरओ से भी मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई और अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यक्तिगत जिम्मेदारी संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की होगी। यदि कार्यों में विलंब अथवा शिथिलता पाई जाती है तो संबंधित ईआरओ से भी स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।