Friday, 30 October 2026 | 5:49 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की बैठक, पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ देने के निर्देश

फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने प्राप्त प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र महिलाओं एवं बालिकाओं को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद:रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की बैठक, पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ देने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 30 सितंबर 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं एवं बालिकाओं को अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत प्राप्त सभी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र लाभार्थियों को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध ढंग से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।

उन्होंने अधिकारियों को पात्रता से संबंधित अभिलेखों एवं प्रकरणों की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा बताया गया कि योजनांतर्गत विगत माह कुल 31 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 3 आवेदन धारा 376 डी/70(1), 4 आवेदन दहेज मृत्यु तथा 24 आवेदन पॉक्सो एक्ट से संबंधित हैं।

बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्रा, संयुक्त निदेशक अभियोजन एन.बी. पाठक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला चिकित्सालय डॉ. धीर सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजेश कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।