Thursday, 29 October 2026 | 4:30 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:भाजपा पिछड़ा मोर्चा ने आयोजित की ‘सबसे ऊँचे सरदार’ संगोष्ठी, सरदार पटेल के योगदान को किया याद

फर्रुखाबाद में भाजपा पिछड़ा मोर्चा ने ‘सबसे ऊँचे सरदार’ संगोष्ठी आयोजित कर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता में योगदान को याद किया।
Share:
फर्रुखाबाद:भाजपा पिछड़ा मोर्चा ने आयोजित की ‘सबसे ऊँचे सरदार’ संगोष्ठी, सरदार पटेल के योगदान को किया याद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 28 अक्टूबर 2026 भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा के तत्वावधान में बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय पर भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में ‘सबसे ऊँचे सरदार’ संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष उमेश बाबू राठौर ने की। मुख्य अतिथि अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य रहे।

संगोष्ठी में जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विचार व्यक्त किए।

सरदार पटेल का व्यक्तित्व और कद भारतीय इतिहास में सर्वोपरि: सुशील शाक्य

मुख्य अतिथि अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि भारतीय इतिहास में सरदार वल्लभभाई पटेल का व्यक्तित्व और कद सर्वोपरि है। उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के विचारों और योगदान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का कार्य किया है। गुजरात में निर्मित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के माध्यम से सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को वैश्विक पहचान मिली है।

रियासतों के एकीकरण में पटेल की भूमिका ऐतिहासिक: नरेंद्र सिंह राजपूत

जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि आजादी के बाद भारत की एकता के सामने अनेक चुनौतियां थीं। ऐसे समय में सरदार पटेल ने अपनी दूरदृष्टि, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देशी रियासतों के भारत में एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की भूमिका आज भी देश के लिए प्रेरणादायी है। इसी गौरवशाली विरासत के सम्मान में भाजपा उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाती है।

31 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम: फतेहचंद वर्मा

भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्र की एकता, दृढ़ संकल्प और समर्पण के प्रतीक हैं। स्वतंत्रता के बाद भारत को मजबूत और अखंड राष्ट्र बनाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

उन्होंने बताया कि सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर तक विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 29 अक्टूबर को सरदार पटेल की प्रतिमाओं एवं मूर्तियों पर दीपदान कार्यक्रम होगा, जबकि 31 अक्टूबर को ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क के माध्यम से विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों का जवाब जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत ने किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, सतपाल सिंह, क्षेत्रीय मंत्री धीरेंद्र वर्मा, ठाकुर वीरेंद्र सिंह राठौर, आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटियार सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।