Wednesday, 28 October 2026 | 2:19 PM
उत्तर प्रदेश

एक नवंबर को कासगंज में लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, पात्रों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

दिव्यांगों, महिलाओं, श्रमिकों, बुजुर्गों और जरूरतमंदों पर रहेगा विशेष फोकस; पेंशन, बीमा और गोल्डन कार्ड सहित कई योजनाओं से जोड़ने की तैयारी
Share:
एक नवंबर को कासगंज में लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, पात्रों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

कासगंज। जरूरतमंदों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक नवंबर को कासगंज में मेगा एवं वृहद विधिक सहायता और सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस शिविर के जरिए समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ उनकी विधिक समस्याओं के समाधान में भी मदद की जाएगी।

शिविर की तैयारियों को लेकर मंगलवार, 27 अक्टूबर को जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामेश्वर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें मेगा शिविर समिति के अध्यक्ष एवं प्रथम अपर जिला जज रत्नेश कुमार श्रीवास्तव, समिति के सदस्य एवं विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट धनन्जय कुमार मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, समिति के सदस्य एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) अविनाश कुमार मिश्रा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शालिनी विधेय सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

वंचित और जरूरतमंद वर्गों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर

बैठक में संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें शिविर के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था करें। इसमें दिव्यांग बच्चे, महिलाएं, निर्धन परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र व्यक्तियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इसके अलावा ट्रांसजेंडर समुदाय, कैदियों, वरिष्ठ नागरिकों, निराश्रितों, बेघर लोगों और यातायात दुर्घटनाओं, महामारी सहित विभिन्न परिस्थितियों से प्रभावित लोगों के लिए भी विधिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था शिविर में शामिल की गई है।

पेंशन, बीमा और गोल्डन कार्ड की मिलेगी सुविधा

मेगा शिविर में पात्र लोगों को आयुष्मान आरोग्य कार्ड/गोल्डन कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामान्य बीमा, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का बीमा, किसान बीमा योजना और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांगजन पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर रहेगा।

शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान के इच्छुक लोगों की सहमति भी प्राप्त की जाएगी, ताकि जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराने के लिए स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जा सके।

पंजीकरण कराकर उठाएं लाभ

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शालिनी विधेय ने आमजन से अपील की है कि एक नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में पहुंचकर संबंधित विभाग में पंजीकरण कराएं और अपनी पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। शिविर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जरूरतमंद व्यक्ति जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहें।