कासगंज। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को सोरों गेट चौकी पर यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एसपी ने खुद सड़क पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एसपी ओपी सिंह ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान बचाने के लिए पहनें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने नशे की हालत में वाहन न चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की भी अपील की।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यातायात नियमों की अनदेखी से न केवल वाहन चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे लोग भी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। थोड़ी-सी सावधानी और नियमों का पालन करके कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है।
नवंबर माह के दौरान जनपद में यातायात पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से जागरूकता अभियान चलाने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान के जरिए लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, एसडीएम सदर एसएन त्रिपाठी, एआरटीओ राम प्रकाश मिश्रा, सीओ ट्रैफिक रजनीश उपाध्याय, सीओ नगर आंचल चौहान, कोतवाल जगदीश चंद्र और यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस की अपील है कि यातायात नियमों को मजबूरी नहीं, अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का माध्यम समझें। सुरक्षित चलें, सतर्क रहें और दूसरों की जिंदगी का भी ख्याल रखें।