Thursday, 22 October 2026 | 5:39 AM
उत्तर प्रदेश

कासगंज: होड़लपुर में डीएम की मौजूदगी में हुई धान की क्रॉप कटिंग, 43.3 वर्ग मीटर में निकली 13.810 किलो उपज

Share:
कासगंज: होड़लपुर में डीएम की मौजूदगी में हुई धान की क्रॉप कटिंग, 43.3 वर्ग मीटर में निकली 13.810 किलो उपज

कासगंज। ग्राम होड़लपुर में बुधवार को जिलाधिकारी प्रणय सिंह की उपस्थिति में धान की फसल की क्रॉप कटिंग कराकर वास्तविक उत्पादकता का आकलन किया गया। निर्धारित 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में धान की कटाई और तौल के बाद कुल 13.810 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई।

क्रॉप कटिंग के लिए ग्राम होड़लपुर स्थित गाटा संख्या 325 में दर्ज कुल 0.579 हेक्टेयर भूमि में सहखातेदार हरी सिंह पुत्र लालाराम के हिस्से की 0.121 हेक्टेयर भूमि पर बोई गई धान की फसल का चयन किया गया। निर्धारित मानकों के अनुसार फसल की कटाई कर उपज की तौल की गई और आंकड़े दर्ज किए गए।

वैज्ञानिक तरीके से तय होती है उत्पादकता

जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए कहा कि इसके माध्यम से फसलों की औसत उत्पादकता का वैज्ञानिक और पारदर्शी तरीके से आकलन किया जाता है। इससे कृषि उत्पादन के विश्वसनीय आंकड़े मिलते हैं, जो कृषि योजनाओं और नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रॉप कटिंग के दौरान निर्धारित मानकों और प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया जाए, ताकि उत्पादन के सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े संकलित किए जा सकें। इस दौरान तहसीलदार कासगंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।