मिलेट्स जागरूकता प्रशिक्षण में बच्चों के भोजन में सप्ताह में एक-दो बार मोटे अनाज शामिल कराने पर जोर द दस्तक 24राजेन्द्रसिंह
कासगंज, 30 सितंबर। विकास भवन स्थित विवेकानंद सभागार में बुधवार को कृषि विभाग की ओर से मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम (राज्य सेक्टर) के तहत वर्ष 2026-27 के लिए बीआरसी अध्यापकों का मिलेट्स जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में शिक्षकों को मोटे अनाज के पोषण और स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी देते हुए बच्चों को इसके प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य अध्यापकों के माध्यम से स्कूली बच्चों को मोटे अनाज के महत्व और इसके स्वास्थ्यवर्धक गुणों से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भोजन में सप्ताह में कम से कम एक से दो बार मिलेट्स को शामिल किया जाना चाहिए।
अधिकारियों ने बताया कि मोटे अनाज में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम और मैग्नीशियम समेत कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। नियमित और संतुलित आहार के प्रति बच्चों को जागरूक करने में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि पहले भारतीय खान-पान में मोटे अनाज का महत्वपूर्ण स्थान था, लेकिन बदलती खान-पान की आदतों के कारण इनका सेवन कम हुआ है। ऐसे में बच्चों और अभिभावकों को मिलेट्स के पोषण संबंधी लाभों की जानकारी देकर इन्हें भोजन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करने की जरूरत है।
कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि, कृषि वैज्ञानिक, सम्मानित किसान, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।