Wednesday, 23 September 2026 | 12:37 PM
उत्तर प्रदेश

जौनपुर :सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत 22 सितम्बर 2026 को जनपद के समस्त आंगनबाडी केन्द्रों पर महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम का होगा आयोजन

Share:
जौनपुर :सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत  22 सितम्बर 2026 को जनपद के समस्त आंगनबाडी केन्द्रों पर महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम का होगा आयोजन
Read in your preferred language.
जौनपुर :जनपद में 17 सितम्बर 2026 से सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। जिसमे 22 सितम्बर 2026 को जनपद के समस्त आंगनबाडी केन्द्रों पर महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके अन्तर्गत महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य पोषण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद के आंगनबाडी केन्द्रों पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।

         कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर महिलाओं को बताया गया  कि स्वस्थ जीवन के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष महत्व है। नियमित रूप से स्नान करने, हाथों को साबुन से धोने, साफ कपडे पहनने तथा स्वच्छ पेयजल का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में संतुलित एव पौष्टिक आहार के महत्व पर भी चर्चा की गई। महिलाओं को हरी सब्जियां, दाल दूध एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने तथा आयरन एवं फोलिक एसिड के सेवन के संबंध में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई और सलाह का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, समय में आवश्यक टीकाकरण एवं चिकित्सकीय परामर्श लेने तथा संस्थागत प्रसव के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही परिवार नियोजन एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

      आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा महिलाओं को संदेश दिया गया कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की आधारशिला है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से उपलब्ध स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुँचाना रहा।
                                                      ----------