फर्रूखाबाद (द दस्तक 24):
जनपद में आयोजित हो रही प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET) के साथ-साथ गंगा नदी पुल पर मरम्मत कार्य के दौरान आमजन व परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन को बनाए रखने के लिए फतेहगढ़ पुलिस ने यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद की है। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार दिनांक 01.11.2026 को प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक भारी माल वाहनों (जैसे ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डम्पर, लोडर आदि) के प्रवेश व संचालन हेतु विशेष रूट डायवर्जन प्लान प्रभावी रहेगा।
रूट डायवर्जन की विस्तृत व्यवस्था:
- कन्नौज/कानपुर मार्ग: कन्नौज से कानपुर रोड होते हुए फतेहगढ़ की ओर आने वाले माल वाहनों को गुरसहायगंज (जनपद कन्नौज) से छिबरामऊ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- छिबरामऊ/जहानगंज मार्ग: छिबरामऊ से जहानगंज होकर फतेहगढ़ की ओर आने वाले माल वाहनों को छिबरामऊ (जनपद कन्नौज) से बेवर (जनपद मैनपुरी) की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- मैनपुरी मार्ग: बेवर (जनपद मैनपुरी) की ओर से फतेहगढ़ आने वाले माल वाहनों को बेवर (जनपद मैनपुरी) में ही रोका जाएगा।
- एटा मार्ग: जनपद एटा की ओर से फतेहगढ़ आने वाले माल वाहनों को बिराहिमपुर अलीगंज बॉर्डर (जनपद एटा) पर रोका जाएगा।
- शाहजहांपुर/बरेली मार्ग: शाहजहांपुर व बरेली से फतेहगढ़ की ओर आने वाले माल वाहनों को थाना अल्हागंज व हुल्लापुर (जनपद शाहजहांपुर) में तथा जरियनपुर चौराहे से ढाई घाट/शमशाबाद की तरफ आने वाले वाहनों को जरियनपुर (जनपद शाहजहांपुर) पर रोका जाएगा।
- हरदोई मार्ग: जनपद हरदोई की ओर से फतेहगढ़ आने वाले माल वाहनों को रूपापुर (थाना सवायजपुर, जनपद हरदोई) में रोका जाएगा।
फतेहगढ़ पुलिस ने सभी वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए डायवर्जन रूट का अनुपालन करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।