Wednesday, 16 September 2026 | 12:13 AM
उत्तर प्रदेश

बरेली में गोकशी से आक्रोश: सड़क किनारे मिले गोवंश के अवशेष, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

बरेली के सीबी गंज थाना क्षेत्र के परधौली गांव में सड़क किनारे गोवंश के अवशेष मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। हिंदू संगठनों ने पुलिस से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
Share:
बरेली में गोकशी से आक्रोश: सड़क किनारे मिले गोवंश के अवशेष, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
बरेली सड़क किनारे मिले गोवंश के अवशेष
Read in your preferred language.

बरेली:(द दस्तक 24 न्यूज) 15 सितंबर 2026। थाना सीबी गंज क्षेत्र के ग्राम परधौली में मंगलवार सुबह सड़क किनारे गोवंश के कटे हुए अंग और अवशेष मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पशु चिकित्सकों की टीम से अवशेषों का परीक्षण कराया और बाद में धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार कराया।

ग्रामीणों के अनुसार, बरामद गोवंश गांव निवासी यशपाल गंगवार पुत्र स्वर्गीय मुरारी लाल का बताया गया है। आरोप है कि बीती रात अज्ञात लोग गोवंश को खूंटे से खोलकर ले गए और उसका वध करने के बाद अवशेष सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अमित कुमार गंगवार तथा राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष रोहित गंगवार कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सूचना पर सीओ नितिन कुमार और एसओ विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस द्वारा आसपास के रास्तों, संदिग्ध व्यक्तियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष रोहित गंगवार ने थाने में लिखित तहरीर देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गोवंश से संबंधित इस प्रकार की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

सीओ नितिन कुमार ने कहा कि क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसओ विनोद सिंह ने पुलिस टीमों द्वारा जांच किए जाने और आरोपियों की तलाश किए जाने का आश्वासन दिया।

मौके पर जिला मीडिया प्रभारी विजय मौर्य, तहसील मंत्री शिवा राठौर, रिंकू कश्यप, चन्देश राजपूत, अंशू कश्यप, देवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गौरक्षक मौजूद रहे।